सीधे पेज के कंटेंट पर जाएँ
Vivaah home

ज़रूरी शर्तें क्या हैं और ये आपके रिश्ते कैसे छाँटती हैं

हिंदी

बेटे या बेटी के लिए रिश्ता ढूँढते समय हर परिवार की कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन पर समझौता नहीं होता। कुछ ऐसी होती हैं कि मिल जाएँ तो अच्छा, न मिलें तो भी बात हो सकती है। Vivaah में यही फ़र्क़ दो शब्दों से तय होता है: पसंद और ज़रूरी शर्त।

पसंद और ज़रूरी शर्त में फ़र्क़

प्रोफ़ाइल बनाते समय आप “पार्टनर की पसंद” भरते हैं। इसमें 17 बातें हैं, पाँच हिस्सों में:

हिस्सा बातें
बुनियादी बातें उम्र, हाइट, शादी की स्थिति
धर्म और समाज धर्म, समाज / जाति, मातृभाषा
जगह देश, राज्य / क्षेत्र
पढ़ाई और करियर पढ़ाई, काम का प्रकार, पेशा, सालाना इनकम
लाइफ़स्टाइल और परिवार खान-पान, स्मोकिंग, शराब, परिवार का प्रकार, परिवार की सोच

हर बात अपने-आप में बस एक पसंद है। पसंद से तय होता है कि कोई प्रोफ़ाइल आपसे कितना मैच करती है। हर प्रोफ़ाइल पर दिखता है कि आप उनकी कितनी पसंद पूरी करते हैं और वो आपकी कितनी। जो प्रोफ़ाइल आपकी एक भी पसंद पूरी नहीं करती, वो भी आपको दिख सकती है।

किसी पसंद के अंदर “इसे ज़रूरी बनाएँ” चालू कीजिए, तो वो पसंद ज़रूरी शर्त बन जाती है। लिस्ट में उसके आगे ✱ दिखता है।

ज़रूरी शर्त क्या करती है

ज़रूरी शर्तें दोनों तरफ़ लागू होती हैं।

मतलब, आपको इंटरेस्ट बस उन्हीं प्रोफ़ाइल से आता है जो आपकी ज़रूरी शर्तें पूरी करती हैं। और जो भेज सकता है, वो भी हफ़्ते में 20 से ज़्यादा इंटरेस्ट नहीं भेज सकता।

जिन्होंने जवाब नहीं दिया

हर कोई हर बात नहीं भरता। किसी ने खान-पान या इनकम खाली छोड़ी हो, तो क्या होगा, ये एक स्विच तय करता है: “जिन्होंने जवाब नहीं दिया, उन्हें भी शामिल करें”।

इनकम पर एक बात और: कोई भी अपनी इनकम दूसरों से छिपा सकता है। इनकम की शर्त जाँचते समय ऐप छिपी इनकम भी देखता है।

ऐप पहले से क्या भर देता है

आपकी प्रोफ़ाइल से ऐप कुछ पसंद अपने-आप सुझा देता है। प्रोफ़ाइल वाला धर्म ज़रूरी शर्त बनकर आता है। प्रोफ़ाइल ऐसे व्यक्ति की हो जिसकी शादी नहीं हुई, तो शादी की स्थिति “शादी नहीं हुई” भी ज़रूरी शर्त बनकर आती है। उम्र, समाज, मातृभाषा और देश बस पसंद बनकर आते हैं। सेव करने से पहले इन्हें देख लीजिए, और जो आपके परिवार के हिसाब से ठीक न हो, उसे बदल दीजिए।

कितनी ज़रूरी शर्तें रखें

हर ज़रूरी शर्त कुछ प्रोफ़ाइल हटा देती है। एक साथ बहुत सारी शर्तें लगा दीं, तो होम पर ये मैसेज आ सकता है: “अभी आपकी ज़रूरी शर्तों से कोई मैच नहीं करता।”

ज़रूरी शर्त बस उन बातों पर रखिए जिनके बिना आप बात आगे नहीं बढ़ाएँगे। बाक़ी बातें पसंद ही रहने दीजिए; वो मैच में गिनी जाती हैं, पर किसी को रोकती नहीं।

एक उदाहरण। मान लीजिए आप 26 साल की बेटी की प्रोफ़ाइल बना रहे हैं:

बात आपकी पसंद ज़रूरी शर्त?
उम्र 26 से 31 साल हाँ
शादी की स्थिति शादी नहीं हुई हाँ
खान-पान शाकाहारी हाँ, अगर घर में यही चलता है
राज्य / क्षेत्र बिहार, झारखंड, दिल्ली नहीं
पढ़ाई ग्रेजुएट या उससे ऊपर नहीं

ऐसे में पुणे में काम करने वाला कोई अच्छा लड़का भी आपको दिखेगा, क्योंकि राज्य बस पसंद है। पर जिसकी उम्र 31 से ऊपर है या जो शाकाहारी नहीं है, वो आपकी बेटी को इंटरेस्ट नहीं भेज पाएगा।

बाद में बदलना

ज़रूरी शर्तें प्रोफ़ाइल → पार्टनर की पसंद में कभी भी बदल सकते हैं। नई ज़रूरी शर्त जोड़ने पर, जो इंटरेस्ट अभी आपके जवाब का इंतज़ार कर रहा है और नई शर्त पूरी नहीं करता, वो बंद हो जाता है।

खोज में आप एक बार के लिए फ़िल्टर बदल सकते हैं, ज़रूरी शर्तें भी। ये बदलाव ऐप बंद करने तक रहते हैं, और सेव की हुई पसंद वैसी ही रहती है। दूसरे परिवारों की ज़रूरी शर्तें खोज में भी लागू रहती हैं।

पहले बेटे या बेटी से बात कीजिए

ज़रूरी शर्तें चुनने से पहले बेटे या बेटी से बात कर लीजिए कि कौन-सी बातें सच में ज़रूरी हैं, जैसे उम्र, हाइट, पढ़ाई या खान-पान। फिर ऐप में बस उन्हीं बातों को ज़रूरी शर्त बनाइए।

प्रोफ़ाइल अभी नहीं बनी? पहले बायोडाटा तैयार कर लीजिए: शादी के लिए बायोडाटा कैसे बनाएँ।

और लेख